राशन डीलर के चुनाव को लेकर हुए हत्याकांड में निशाने पर अब अफसर भी आ गए हैं। चुनाव को लेकर पुलिस के मना करने के बावजूद दिलचस्पी दिखाने वाले और हत्याकांड के बाद से गायब चल रहे हैं। पुलिस की रिपोर्ट के बाद डीएम ने एडीओ पंचायत को सस्पेंड कर दिया और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव खालौर में राशन डीलर के चुनाव को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस जांच में अफसर ही जांच के घेरे में आ गए हैं। पुलिस की सर्विलांस जांच में पता चला है कि एडीओ पंचायत और सचिव सुबह से ही आरोपी दीपक के संपर्क में थे।
घटना के बाद से ही एडीओ पंचायत वीरेंद्र शर्मा और सचिव गायब हैं। दोनों अफसरों ने अपने फोन भी बंद कर दिए हैं। सर्विलांस जांच के बाद पुलिस की तरफ से पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई। डीएम ने रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत वीरेंद्र शर्मा को सस्पेंड कर दिया है। वहीं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जांच में जुटी पुलिस को गायब चल रहे दोनों अफसरों की तलाश है।