बुलंदशहर। स्नातक व परास्नातक में दूसरी ओपन मेरिट से प्रवेश के लिए शनिवार को कॉलेजों में भीड़ रही। मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने कॉलेज पहुंचकर प्रवेश कराए। अब शेष सीटों पर सोमवार को तीसरी ओपन मेरिट जारी कर प्रवेश का मौका दिया जाएगा।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि अब बची सीटों के लिए तीसरी ओपन मेरिट जारी कर सोमवार को प्रवेश होंगे। यह प्रवेश के लिए आखिरी मौका होगा। इसके बाद स्नातक और परास्नातक में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेजों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो चुका है।
अब प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्रा अपने कॉलेज पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराएं। बताया कि इस बार चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि 75 फीसदी से कम उपस्थिति वाले छात्र-छात्रा को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। संवाद