बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। शेष सीटों पर अब कॉलेज ओपन मेरिट तैयार कर प्रवेश करेंगे। इसके लिए बुधवार से कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा करने की शुरूआत हो गई। पहले दिन बारिश के चलते बहुत कम छात्र-छात्राएं ऑफर लेटर जमा करने पहुंचे।
सीसीएसयू की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी और बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के दो मेरिट जारी की। इन दोनों मेरिट से जिले के सभी 78 कॉलेजों में करीब 70 फीसदी सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं। जबकि अब सीसीएसयू की ओर से रिक्त शेष सीटों पर कॉलेजों को ओपन मेरिट से प्रवेश कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं को अपने पूर्व में किए गए पंजीकरण को संशोधित कर अपना आफर लेटर डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। ताकि ऐसे छात्र-छात्राओं को ओपन मेरिट से प्रवेश का मौका मिल सके। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने अपने पंजीकरण को संशोधित करते हुए ऑफर लेटर प्राप्त कर लिए हैं।
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि बीए, बीएससी और बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर अब ओपन मेरिट से प्रवेश होंगे। कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के ऑफर लेटर 25 अगस्त तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद कॉलेज ओपन मेरिट जारी करेंगे। इसके बाद 26 से 29 अगस्त तक ओपन मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रवेश कराने का मौका दिया जाएगा।
डीएवी कॉलेज में आज से शुरू होंगी प्रथम वर्ष की कक्षाएं
बुलंदशहर। डीएवी पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष की कक्षाओं का संचालन बृहस्पतिवार से हो रहा है। प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने इन कक्षाओं में प्रवेश प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं को समय से कॉलेज पहुंचने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। छात्रा-छात्रा कॉलेज की यूनिफार्म पहनकर आएं।