खुर्जा तहसील में कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन देते भारतीय हलधर किसान यूनियन के कार्यकर्ता। संवाद
खुर्जा। भारतीय हलधर किसान यूनियन की ओर से पॉटरी इकाइयों में अवैध रूप से काले तेल का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया। इसके अलावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन कोतवाली प्रभारी को दिया। साथ ही काले तेल से बढ़ते प्रदूषण से होने वाली बीमारी के बारे में बताया। विभिन्न समस्याओं को लेकर 21 जनवरी को महापंचायत करने की घोषणा की।
भारतीय हलधर किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय ठाकुर के क्षेत्र की मंदिर चौकी और बाग रिसलदार चौकी प्रभारी की ओर से किसानों से अवैध उगाही की जा रही है। ऊर्जा निगम के कर्मचारी, किसानों के विद्युत कनेक्शन एवं बिल के नाम पर उत्पीड़न कर रहे हैं।
प्रदूषण विभाग की मिलीभगत से पॉटरी कारोबारियों की ओर से काले तेल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे प्रदूषण बढ़ रहा है। बताया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए 21 जनवरी को किसान यूनियन खुर्जा तहसील परिसर में महापंचायत का आयोजन करेगी।
उन्होंने ज्ञापन में उप जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि महापंचायत में खुर्जा सीओ एवं अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग एवं सक्षम अधिकारी प्रदूषण विभाग सहित दोनों चौकी प्रभारियों को भी बुलाया जाए। यूनियन ने कोतवाली प्रभारी राजपाल सिंह तोमर को उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।