मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली
- फोटो : अमर उजाला
दुष्कर्म की घटना में वांछित बदमाश के साथ थाना जहांगीराबाद पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, घायलावस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से तमंचा और चाकू बरामद किया है।
सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि 22 जून को थाना जहांगीराबाद क्षेत्रान्तर्गत एक नाबालिग किशोरी को चाकू दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किए जाने की घटना हुई थी। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना जहांगीराबाद पर मु0अ0सं0-337/2026 धारा 333/74/64(1)/351(3) बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण में पुलिस द्वारा अभियुक्त इरफान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसने घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू ग्राम मंगलपुर जाने वाले रास्ते के जंगल में छिपाकर रखा है।
आज थाना जहांगीराबाद पुलिस टीम अभियुक्त इरफान की निशानदेही पर चाकू बरामदगी के लिए ग्राम मंगलपुर जाने वाले रास्ते के जंगल में पहुंची। इसी दौरान अभियुक्त ने मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया तथा पूर्व से छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त इरफान पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं कारतूस बरामद हुए हैं।