अनूपशहर। थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है। एक मृत महिला की जमीन का फर्जी दानपत्र तैयार कर उसे हड़पने की कोशिश की गई है। आरोप है कि एक अन्य महिला और उसके पति ने कूटरचित आधार कार्ड बनवाए, जिसमें मृतका के पति का नाम दर्ज कराकर धोखाधड़ी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौरा बांगर निवासी नरेश सिंह ने बीते दिनों एसएसपी को तहरीर देकर बताया था कि उनकी मां आनन्दी देवी की मृत्यु 9 जून 2012 को हो चुकी है। उनकी मां गांव में ही खेत की मालकिन थीं। 9 सितंबर 2025 को आरोपी पक्ष द्वारा जालसाजी की गई। आरोप है कि एक अन्य महिला, जिसका नाम भी आनन्दी है।
उसके पति ने धोखाधड़ी से अपने आधार कार्ड में नाम बदलकर उसे बनारसी करवाया। इसके बाद इस फर्जी बनारसी और आनन्दी ने प्रार्थी की मृत मां की भूमि का फर्जी दानपत्र अपने बेटों के नाम करा दिया। शिकायत में यह भी बताया गया कि बेटों के आधार कार्ड में भी पिता का नाम बदलकर बनारसी अंकित कराया गया है, जिससे कि यह जमीन हड़पी जा सके।
पीड़ित ने इस संबंध में पहले थानाध्यक्ष अनूपशहर को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने 22 सितंबर 2025 को एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।