अनूपशहर। क्षेत्र के गांव बगसरा में मामूली कहासुनी के बाद बहू ने मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर सास-ससुर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें सास के सिर पर चोट लगने से वह अचेत हो गईं। उन्हें नाजुक हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बगसरा निवासी श्रीनिवास शर्मा के बेटे अवधेश व बहु आरती पिछले कुछ वर्षों से बाहर रहते हैं। आरोप है कि जब भी वे घर आते हैं तो माता-पिता से मारपीट करते हैं। पिछले दिनों दोनों ने घर आते ही श्रीनिवास व उनकी पत्नी पूनम के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची मलकपुर चौकी पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि पुलिस के जाते ही बहु आरती ने अमरोहा से अपने भाई राहुल, पिता दिनेश और अन्य परिजनों को बुला लिया।
दोपहर करीब एक बजे लाठी-डंडों से लैस होकर आए हमलावरों ने पूनम शर्मा को बालों से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इस दौरान बहु ने सास के गले से सोने की चेन भी लूट ली। सिर में गहरी चोट लगने के कारण पूनम लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं। उन्हें पहले अनूपशहर और फिर जिला अस्पताल बुलंदशहर ले जाया गया।
डॉक्टरों ने सिर की हड्डी खिसकने और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें 48 घंटे देख-रेख में रखकर एचएमसी मेरठ रेफर कर दिया है। सीओ विकास प्रताप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी।