चोला। थाना क्षेत्र के कौराली गांव में रुपये डबल करने का लालच देकर एक व्यक्ति से 2 लाख 34 हजार रुपये की ठगी की गई है। शेर मोहम्मद ने गांव के ही शाकिब पर यह आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शेर मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि शाकिब ने उसे 41 दिन में रुपये डबल करने का झांसा दिया था। उसके लालच में आकर शेर मोहम्मद ने तीन महीने पहले शाकिब को 2 लाख 34 हजार रुपये दिए थे। शाकिब ने उसे एक पोटली दी और कहा कि 41 दिन बाद खोलने पर रुपये डबल हो जाएंगे। निर्धारित समय बाद जब शेर मोहम्मद ने पोटली खोली तो उसमें कागज के नोटों की गड्डी निकली। गड्डी के ऊपर केवल 500 रुपये का एक नोट लगा हुआ था। धोखाधड़ी का पता चलने पर शेर मोहम्मद ने शाकिब से अपने रुपये वापस मांगे। रुपये मांगने पर शाकिब आग बबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद शाकिब अपने घर का ताला लगाकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित शेर मोहम्मद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी शाकिब को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।