विधानसभा चुनाव में नेताजी को ‘राजतिलक’ के लिए बुजुर्ग मतदाताओं के आशीर्वाद की दरकार होगी। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या 3.36 लाख है।
विधानसभा चुनाव में 24.93 लाख मतदाता 2561 मतदाता बूथों पर वोट डालेंगे। 24.93 लाख में से बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या 3.36 लाख है।
जिले में 60 से 69 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्ग मतदाता 1.97 लाख और 70 से 79 आयु वर्ग के वोटर 97220 हैं। मतदाता सूची में 80 प्लस के वोटर 42615 हैं। कुल मिलाकर विधानसभा बुलंदशहर, शिकारपुर, सिकंदराबाद, अनूपशहर, डिबाई, स्याना और खुर्जा में 3 लाख 36 हजार 835 बुजुर्ग मतदाता हैं।
हर एक विधानसभा सीट पर 40 से 50 हजार के बीच सीनियर सिटीजन अपनी वोट की चोट से सियासी माहौल में उलटफेर कर सकते हैं। चुनाव में नेताजी भलीभांति जानते हैं राजतिलक बुजुर्ग वोटर्स के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं है। इसलिए नेता बुजुर्ग वोटरों के पास आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचने लगे हैं।
वहीं विधानसभा बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंदराबाद, अनूपशहर, शिकारपुर, डिबाई और स्याना में युवा वोटर्स की संख्या 13.14 लाख है। जबकि कुल मतदाताओं का आंकड़ा 24.93 लाख है।
जिले की सातों विधानसभा सीटों पर बुजुर्ग मतदाता 3.36 लाख है। युवा वोटर भी 50 फीसदी से अधिक हैं। चुनाव के मद्देनजर आयोग को मतदाताओं का रिकॉर्ड भेज दिया गया है। बूथों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी कर दिया गया है। - आंजनेय कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी