गुलावठी थाने में गिरफ्तार गैंगस्टर एक्ट के आरोपी। स्रोतः पुलिस
थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे दंपती व उनके पुत्र को फूलनवाल रोड लुधियाना पंजाब से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चरणजीत सिंह, उसकी पत्नी सोनिया और पुत्र अर्जुन निवासी बसंत कुंज दिल्ली, हाल निवासी फ्लोवर विला फुलनवाल रोड सदर लुधियाना पंजाब हैं। तीनों का पूछताछ के बाद चालान कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 1 जनवरी 2025 को गुलावठी थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों का संगठित गैंग है और गैंग के सदस्य सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर उनको नौकरी का झांसा देकर व फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी कर रुपये ठगते हैं।
इसके अलावा लोगों को फ्लैट व मकान दिलवाने व रुपये डबल करने के नाम पर करोड़ों रुपये हड़प कर आर्थिक लाभ कमाते हैं। चरणजीत सिंह इस गैंग का गैंग लीडर है। आरोपियों की गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित की गई थी। आरोपियों को सर्विलांस की मदद से प्राप्त लोकेशन के आधार पर फूलनवाल रोड लुधियाना पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही पूछताछ के बाद तीनों का चालान कर जेल भेज दिया गया है।