ऊंचागांव/खानपुर। शहर से लेकर देहात तक बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रविवार रात एक युवक की बुखार से उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक पिछले 10 दिन से बुखार से पीड़ित था। गांव में काफी लोग वायरल बुखार से पीड़ित चल रहे हैं।
गांव अमरपुर निवासी 29 वर्षीय किरनपाल पुत्र चरन सिंह राजस्थान में एक गद्दा फैक्टरी कंपनी में नौकरी करते थे। बुखार होने पर 10 दिन पूर्व किरनपाल छुट्टी लेकर गांव आए थे। परिजनों ने शुरुआत में गांव के ही एक झोलाछाप से उपचार करवाया। मृतक के भाई नरेंद्र ने बताया कि रविवार सुबह किरनपाल का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। इस पर उन्हें लेकर मेरठ के एक अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक ने गंभीर हालत देखकर उन्हें भर्ती कर लिया। रविवार रात उपचार के दौरान किरनपाल ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने गांव में कई लोगों के वायरल बुखार से पीड़ित होने की बात कही।
बुखार से मौत की जानकारी मांगी है। टीम को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ