डिबाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव लैदरखेड़ा निवासी चंद्रपाल सिंह नगर में रेलवे रोड पर कंबल की फड़ लगाकर अपना व परिवार का जीवन यापन करते हैं। उनके साथ उनका 19 वर्षीय बेटा अंकित भी रहता था। सोमवार शाम को अंकित बाइक से गांव से पिता के पास आ रहा था। पैंठ चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंकित को अस्पताल पहुंचाया जहां, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचना दी। मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
संवाद