नगला हरभजन गांव निवासी मृतक रोहित का फाइल फोटो। स्रोत : फाइल फोटो
खुर्जा जंक्शन। रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह पैदल ट्रैक पार करते हुए युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसमें युवक की मौत हो गई। वहीं जीआरपी ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।
नगला हरभजन गांव निवासी गौरव ने बताया कि उनका छोटा भाई रोहित (31) गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। रविवार के अवकाश पर वह गांव आए हुए थे। सोमवार सुबह रोहित घर से नौकरी के लिए रवाना हो गए। इसके लिए सुबह करीब साढ़े छह बजे खुर्जा जंक्शन पहुंचे, जहां से उनको दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ कर जाना था, तभी रोहित पैदल ही रेलवे ट्रैक पार कर रहने लगे। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के अनुसार प्लेटफार्म नंबर तीन के पास रोहित किसी सुपर फास्ट ट्रेन की चपेट में आ गए, जिसमें उसकी मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची, जिन्होंने जांच पड़ताल की और मृतक की पहचान की। जीआरपी ने हादसे की सूचना परिजनों को दी।
सूचना पर भाई गौरव व अन्य लोग स्टेशन पर पहुंच गए। रोहित के क्षत विक्षत शव को देख परिजन बिलख उठे। जीआरपी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम कार्रवाई से इन्कार कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।