अहार। थाना क्षेत्र के मां अवंतिका देवी गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर अधबने पैंटून पुल पर मोबाइल से रील बनाते समय एक युवक का पैर अचानक फिसल गया जिससे वह नदी में गिर गया। देखते ही देखते युवक लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुट गई।
अहार क्षेत्र के गांव दरावर निवासी गुड्डू (30) मंगलवार दोपहर बाद गंगा स्नान करने के लिए मां अवंतिका देवी गंगा घाट पर गए थे। स्नान के बाद वह घाट पर बन रहे पैंटून पुल के अधबने हिस्से पर जा पहुंचे और मोबाइल फोन से रील बनाने लगे। इसी दौरान दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लापता युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। देर रात तक गुड्डू का कोई सुराग नहीं लग पाया था। युवक के इस तरह लापता हो जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।