संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। एक महिला से रास्ते में मिली महिला व उसके साथी ने झांसा देकर करीब 30 से 40 हजार रुपये कीमत के कुंडल ठग लिए। आरोपियों ने उसे पांच सौ रुपये की गड्डी दिखाकर ठगी की। आरोपियों के जाने के बाद पीड़िता ने नोट चेक किए तो ऊपर व नीचे के दो नोट छोड़कर अंदर खाली कागज लगे हुए थे। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में धमैड़ा अड्डा कच्ची बस्ती निवासी परवीन ने तहरीर देकर बताया कि 17 मार्च की दोपहर बाजार से घर लौट रही थी। रास्ते में एक अज्ञात महिला और युवक ने उससे नमस्ते कर जान-पहचान होने का दावा किया और उसे बातों में लगा लिया। महिला ने उसके कुंडल देखकर उन्हें खरीदने की बात शुरू कर दी। उसके इन्कार करने के बावजूद आरोपी युवक ने उसके हाथ में 500 रुपये के नोटों की गड्डी थमा दी। जिसके बाद पीड़िता ने भी अपने कुंडल उतारकर उसे थमा दिए। इसके बाद आरोपी उसके कुंडल लेकर चले गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।