हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एनएच-09 स्थित मंसूरपुर कट के पास तेज रफ्तार पराली से लदा ट्रोला अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया और हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रोले को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
गढ़मुक्तेश्वर निवासी चालक योगेंद्र ट्रैक्टर ट्रोले में पराली लादकर गढ़मुक्तेश्वर से जेएमएस स्कूल के पास स्थित रिलायंस प्लांट में जा रहा था। शुक्रवार की दोपहर बाद एनएच-09 स्थित मंसूरपुर कट के पास उसका ट्रोला अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसा होने के बाद हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। हादसे के बाद लोग अपने वाहनों में करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से ट्रोले को हाईवे से हटवाकर सड़क किनारे खड़ा कराया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा क्रेन की मदद से ट्रोले को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया था। इसके बाद पुलिस टीम ने यातायात सुचारू कराया।