बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में गांव उटरावली के निकट बाइक सवार मोटर मैकेनिक गजेंद्र सिंह को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली देहात में गांव उटरावली निवासी नितिन कुमार ने तहरीर दी। बताया कि उसके पिता गजेंद्र सिंह नगर बुलंदशहर के मोतीबाग क्षेत्र में मोटर बांधने एवं रिपेयरिंग का काम करते थे। सोमवार रात को गजेंद्र सिंह दुकान बंद कर बाइक से गांव लौट रहे थे। बुलंदशहर-औरंगाबाद मार्ग पर गांव उटरावली के समीप एक स्कूल के सामने औरंगाबाद की तरफ से आ रही स्कार्पियो गाड़ी ने उनके पिता की बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में उनके पिता गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि स्काॅर्पियो के नंबर के आधार पर आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद