छतारी। समसपुर गांव निवासी किसान के साथ एक युवक ने ऋण बकाया वाली कार बेचकर धोखाधड़ी की। आरोपी ने किसान से कार के नाम पर 3.75 लाख रुपये ऐंठ लिए। कुछ दिन बाद फाइनेंस कंपनी के लोग आए और पीड़ित के पास से कार लेकर चले गए। तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
समसपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर एक ईको कार बेचने का विज्ञापन देखा था। उस पर दिए गए नंबर पर पीड़ित ने फोन किया और खरीदने की बात कही। इसमें खुर्जा नगर के झमका गांव निवासी अमरीश से पीड़ित की फोन पर बात हुई। 30 दिसंबर 2024 को अमरीश ने शिकारपुर में पीड़ित को कार दिखाई। इसमें 3 लाख 95 हजार रुपये में कार का सौदा तय हुआ। तभी पीड़ित ने अमरीश को दो हजार रुपये दे दिए।
31 दिसंबर को अमरीश ने ऑनलाइन 20 हजार रुपये और ले लिए। एक जनवरी 2025 को शिकारपुर में पीड़ित ने अमरीश को 3.50 लाख रुपये नकद दिए, जिसकी वीडियो भी बनाई गई। इसके बाद पीड़ित ने कार खरीद ली। अमरीश ने पीड़ित से कहा कि कार में सीएनजी लगवाने के लिए उसने आरसी एजेंसी में दी है, वह वहां से लाकर पीड़त को दे देगा। सात जनवरी को फाइनेंस कंपनी के लोग आए तो उन्होंने बताया कि कार पर पांच लाख रुपये का ऋण बकाया है। किस्त नहीं देने के चलते वह कार जब्त करके ले गए।
सीओ डिबाई शाेभित कुमार ने बतया कि मंगलवार को आरोपी अमरीश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं।