बुलंदशहर। पूर्णिमा के चलते 26 अक्तूबर को गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामघाट-राजघाट पहुंचेंगे। इसके चलते ट्रेनों में भी भीड़ रहेगी। उत्तर मध्य रेलवे ने भीड़ को देख अलीगढ़-राजघाट नरौरा के बीच एक अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन सोमवार सुबह अप-डाउन संचालित होगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि प्रत्येक माह पूर्णिमा और अमावस्या पर काफी लोग गंगा स्नान कर दान-पुण्य करते हैं।
इसके चलते गंगा घाट पर जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। 26 अक्तूबर को अलीगढ़-राजघाट नरौरा के लिए विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। बताया कि गाड़ी संख्या 04187 अलीगढ़ से सोमवार सुबह 5:40 बजे रवाना होकर मंजूरगढ़ी, हरदुआगंज, सुनामई हाल्ट, गोधा हाल्ट, अतरौली रोड, धरमपुर हाल्ट और डिबाई होते हुए सुबह 7:15 बजे राजघाट नरौरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04188 राजघाट नरौरा से सुबह 8:15 बजे चलेगी और डिबाई, धरमपुर हाल्ट, अतरौली रोड, गोधा हाल्ट, सुनामई हाल्ट, हरदुआगंज तथा मंजूरगढ़ी स्टेशनों पर ठहरते हुए सुबह 9:55 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी।