बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा विश्राम वाली गली निवासी युवक शाहिद की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक हत्या और हादसे की गुत्थी सुलझ नहीं सकी है।
नगर के मोहल्ला देवीपुरा विश्राम वाली गली निवासी शाहिद (22) का शव 9 मई को उनके घर के समीप नाले से बरामद हुआ था। शाहिद एक दिन पहले यानि 8 मई को अपने घर से निकले थे। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने मोहल्ले के ही दो युवकों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि मोहल्ले के ही भोलू और अलीम ने शाहिद को ले जाने के बाद उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। नगर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के माथे के समीप घाव का निशान मिला है।
प्रारंभिक तौर पर नाले में गिरने से चोट लगना प्रतीत हो रहा है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।