बुलंदशहर। नकली दूध बनाने में प्रयोग होने वाले केमिकल की सप्लाई करने वाले सप्लायर के खिलाफ कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि कार्रवाई को रोकने के लिए आरोपी ने टीम को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी राजेश्वर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोतवाली देहात क्षेत्र में स्याना अड्डा के पास एक दुकान पर कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान दुकान के पीछे खाली प्लॉट में 24.50 क्विंटल केमिकल से भरे केन बरामद हुए थे। जब केमिकल की जांच की गई तो इसमें आरएम व सार्बिटोल बरामद हुआ था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार ने शिकायत देकर बताया कि मंगलवार को कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को रंगे हाथ केमिकल की तौल करते हुए पकड़ा था। जब कार्रवाई के लिए टीम पहुंची तो सप्लायर राजेश्वर ने कार्रवाई का विरोध किया। साथ ही मौके पर कुछ लोगों को बुला लिया और टीम को अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इस दौरान आरोपी के पास केमिकल के व्यापार के लिए कोई लाइसेंस भी नहीं पाया गया। बताया कि आरोपी की धमकी के बाद पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में तीन केमिकल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामले में आरोपी राजेश्वर शर्मा और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी ऋजुल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में केमिकल सप्लायर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।