कार्तिक पूर्णिमा मेला क्षेत्र में अस्थायी थाने का निर्माण कार्य जारी। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। खादर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले के आयोजन में अब महज 13 दिन शेष रह गए हैं लेकिन तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बावजूद कई महत्वपूर्ण कार्य जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। अभी तक मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं और न ही पार्किंग की व्यवस्था पूरी तरह तैयार हो सकी है।
18 नवंबर से शुरू होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा दिल्ली-एनसीआर से भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मेले को 13 सेक्टरों में विभाजित करने की योजना बनाई है, ताकि सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके।
इसके बावजूद कई बुनियादी तैयारियां अभी अधूरी हैं। बुधवार को ही मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा इंतजामों, सीसीटीवी कैमरों, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष जोर दिया गया था। इसके बाद भी अब तक कैमरे लगाने का काम शुरू नहीं हो सका है।
पार्किंग स्थलों को भी पूरी तरह विकसित नहीं किया गया है। मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, गाजियाबाद समेत कई जनपदों से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में समय रहते व्यवस्थाएं पूरी नहीं हुईं तो भीड़ के दौरान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था संभालना चुनौती बन सकता है।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे लगाने वाली कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है। जल्द कैमरे लगेंगे। दिवाली के बाद में वाहन पार्किंग भी तैयार कर ली जाएंगी।