शिकारपुर। थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी युवक से उत्तराखंड सेवा में नौकरी लगवाने के नाम पर 2 लाख 98 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। फर्जी एडमिट कार्ड मिलने के बाद शक होने पर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 25 हजार रुपये वापस कर दिए। बाकी रकम मांगने पर आरोपियों ने इन्कार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ ठगी और जान से मारने की धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सलेमपुर गांव निवासी अशोक कुमार ने बताया उनका पुत्र पंकज कुमार सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। 20 मई 2022 को टिंकू उर्फ यतेंद्र सिंह, रिंकू व शिवम निवासी सलेमपुर हाल निवासी मदनपुर पुलिस चौकी खुर्जा जंक्शन उनके घर आए और उनके पुत्र पंकज को उत्तराखंड में नौकरी लगवाने की बात कही। उन्होंने बताया आरोपी उनके ही गांव के रहने वाले थे। इसलिए उनकी बातों पर विश्वास कर लिया।
आरोपियों ने पंकज की नौकरी लगवाने का पूरा खर्चा 9 लाख रुपये बताया और 3 लाख रुपये पहले देने की बात कही। उन्होंने उनकी बात पर भरोसा कर 2 लाख 98 हजार रुपये उनके बताए अलग-अलग खातों में डलवा दिए। काफी दिन बीतने के बाद नौकरी की बाबत कोई कार्रवाई न करने की बात जब उन्होंने आरोपियों से कही तो आरोपियों ने 30 जून 2025 को 25 हजार रुपये वापस करते हुए जल्दी ही एडमिट कार्ड भेजने की बात कही।
10 जुलाई को उनके घर आरोपी आए और एक एडमिट कार्ड दिया जिस पर परीक्षा की तिथि 24 जुलाई अंकित थी। वह 24 जुलाई को अपने बेटे को लेकर एडमिट कार्ड पर अंकित पते पर रानीखेत उत्तराखंड पहुंचे लेकिन वहां कोई सेंटर नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने वापस लौटकर आरोपी लोगों से शिकायत की और अपनी बकाया रकम वापस मांगी। जिसपर आरोपियों ने उनसे 6 माह में बाकी रकम देने का समय मांगा।
उन्होंने तय समय में बाकी रकम नहीं दी। दोबारा तकादा करने पर आरोपियों ने उसे पुत्र समेत जान से मारने की धमकी दी। सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर टिंकू उर्फ यतेंद्र सिंह, रिंकू व शिवम निवासी सलेमपुर हाल निवासी मदनपुर पुलिस चौकी खुर्जा जंक्शन थाना खुर्जा नगर के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।