डिबाई विलाप करते मृतक अब्दुल रहीम उर्फ मुन्ना के परिजन। संवाद
डिबाई। गंगा से रेत निकाल रहा व्यक्ति अचानक गहरे पानी में जाने से बैल-बुग्गी के साथ गंगा के तेज बहाव में बह गया। साथियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति की तलाश में गोताखोरों को गंगा में उतारा। करीब डेढ़ घंटे बाद गोताखोरों ने व्यक्ति और बैल के शव को बरामद करने के साथ ही बुग्गी को भी बरामद कर लिया। व्यक्ति की मौत की सूचना से उसके परिवार में मातम छा गया।
कस्बे के मोहल्ला डिबाई निवासी इमरान ने बताया कि उनके पिता अब्दुल रहीम उर्फ मुन्ना (52) मोहल्ले के लिए नईम, छुट्टन, अमरूद्दीन के साथ दोपहर करीब चार बजे बैल-बुग्गी लेकर घर से गंगा से रेत निकालने के लिए गए थे। पिता के साथ गए लोगों ने बताया कि वह सभी गांव उदयपुर कलां में घूंगरूवाली मंदिर के पास गंगा से रेत निकाल रहे थे।
इसी दौरान उनके पिता की बैल-बुग्गी अचानक गहरे पानी में जाने के कारण उनके पिता बैल-बुग्गी के साथ गंगा के तेज बहाव में बह गए। उनके साथियों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही परिवार के लोगों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अब्दुल रहीम की तलाश में गोताखोरों को लगाया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे बाद घटना स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर अब्दुल रहीम उनके बैल के शव को बरामद करने के साथ ही बुग्गी को बरामद कर लिया। मौके पर पहुंचे परिजन अब्दुल रहीम के शव को देखते ही बिलख उठे और चीख पुकार मच गई।
बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचानामा की कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के दो बेटे इमरान और सिमरन, दो बेटी है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।