खुर्जा की एक दुकान पर नए नोट की माला पसंद करता ग्राहक। संवाद
बुलंदशहर। शादियों की शहनाई के बीच बैंकों में नए नोटों की गड्डी की मांग बढ़ गई है, लेकिन वहां 10, 20 और 50 के नोट नहीं मिल पा रहे हैं। जिलेभर में दुकानों पर नए नोट की गड्डियां उपलब्ध हैं। दुकानदार इसे एक हजार की जगह 1400 रुपये में बेच रहे हैं।
नगर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उनके घर शादी है। 10 के नोटों की गड्डी 1400 रुपये में एक व्यक्ति ने दिलाई है। 20 रुपये के नोट की गड्डी 2230 और 50 के नोट की गड्डी 5300 रुपये में मिली। शहर के धीरज ने बताया कि शादी के मौसम में नेग देने व जश्न में नोट लुटाने की वजह से लोग छोटे नोटों को प्राथमिकता देते हैं। अपनी खास महक और कड़कड़ाहट की वजह से भी कड़क नोट पाकर मेहमान खुश हो जाते हैं, इसीलिए शादी में 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की खासी मांग रहती है। अग्रणी जिला प्रबंधक धीरज कुमार झा ने बताया कि आरबीआई से छोटी करेंसी कम आ रही है। इस कारण बैंकों में मिल नहीं रही है।