अनूपशहर। गंगा किनारे पांच किलोमीटर क्षेत्र में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का खाका तैयार हो रहा है। यहां पर 15 दिवसीय तंबुओं का नगर एक नवंबर से गंगा की रेती में बस जाएगा। पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए हर तरह की सुविधाएं होंगी।
अनूपशहर गंगा तट पर हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला गंगा स्नान मेला सैकड़ों वर्ष पुराना है। इस मेले में लाखों श्रद्धालु आकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गढ़ मुक्तेश्वर के बाद अनूपशहर का यह मेला दूसरा सबसे बड़ा मेला है। लगभग 109 साल पहले, 1904 में कार्तिक मेले की वजह से अनूपशहर को मेला क्षेत्र का दर्जा मिला था। उस समय अनूपशहर के गंगा तट पर लोग बैलगाड़ी, भैंसा बुग्गी, रब्बा और टमटम जैसे पशु वाहनों से गंगा स्नान के लिए आते थे, जिससे यहां पशु चिकित्सालय की स्थापना की गई थी। अनूपशहर गंगा तट भारत का पहला ऐसा स्थान है, जहां गंगा उत्तर दिशा से आकर पूर्व दिशा की ओर बहती है, जो इसे और भी खास बनाता है।
इस कारण से कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां विशेष महत्व है और लाखों लोग हर साल इस गंगा स्नान में शामिल होते हैं। इस मेले में बड़ी संख्या में आसपास के जिलों और राज्यों से फौजी परिवार भी आते हैं। ये फौजी परिवार आपस में संवाद करते हैं, संपर्क करते हैं और विवाह रिश्ते तय करते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इस मेले की एक खास पहचान बन चुकी है। वहीं, अब मेले का समय नजदीक आते ही इसकी तैयारियां तेज होने लगी हैं। एसडीएम प्रियंका गोयल व नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द ही पूरा खाका तैयार कर लिया जाएगा।
मेले पर रहेगी वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरा व ड्रोन से निगरानी
मेले की सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। गंगा की रेती में अस्थायी चौकी बनाने के लिए जगह चिह्नित कर ली गई हैं। इसके अलावा मेले की सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और वॉच टॉवर की व्यवस्था की जाएगी। पेयजल के लिए अस्थाई नल और महिलाओं के लिए अस्थाई शौचालय व चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए पांच स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। ताकि यातायात को सुचारु रखा जा सके। इसके अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़ और शिकारपुर की ओर से आने वाले वाहनों को खड़ा करने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। मीना बाजार में कपड़े, खाने पीने की वस्तुओं के साथ घरेलू वस्तुओं की भी दुकानें भी लगेंगी। दुकान लगाने वालों ने संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
-
गुरु नानक जयंती पर निकाली जाती है भव्य शोभायात्रा
कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती के अवसर पर अनूपशहर में सिख समाज द्वारा एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जाती है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं। यह शोभायात्रा अनूपशहर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा हरि राय साहब से निकलती है और इस यात्रा का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि यह स्थान सातवें धर्मगुरु हरि राय साहब का ससुराल भी था।
-
एडीएम व एसपी देहात ने लिया मेला क्षेत्र का जायजा
कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का बुधवार दोपहर को एडीएम प्रमोद पांडे और एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार संजय कुमार, सीओ रामकरण सिंह, नायब तहसीलदार खुशबू सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनूपशहर धर्मेंद्र कुमार शर्मा और नगरपालिका कर्मी भी मौजूद रहे। उन्होंने गंगा घाटों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के सकुशल गंगा स्नान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को सभी गंगा घाटों पर स्टीमर और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।