सिकंदराबाद । कस्बे में सोमवार को हुए सड़क हादसों में एक वृद्धा समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसों के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर स्थित विजय द्वार के पास हाईवे पर सोमवार शाम करीब तीन बजे एक वृद्धा सड़क पार कर रही थी। इस दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने वृद्धा को कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक सड़क पर ही छोड़कर भाग। इस वजह से हाइवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की लाइन लग गई। ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक को हटवाकर बिलसूरी चौकी भेज दिया है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर औद्योगिक क्षेत्र में मुजफ्फरनगर निवासी ट्रक चालक राशिद सोमवार सुबह सड़क पार कर होटल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
छात्रों की मौत को बताया हत्या
बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र में जहांगीराबाद मार्ग पर सड़क हादसे में हुई दो छात्रों की मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने छात्रों की हत्या कर सड़क हादसा दर्शाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। सोमवार को ग्रामीण और परिजन एसएसपी ऑफिस पहुंचे। परिजनों ने एसपी सिटी से कहा कि दो छात्रों की मौत सड़क हादसा नहीं उनकी हत्या हुई है। यदि यह हादसा होता तो बाइक को क्यों खरोंच तक नहीं आई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बाइक आरोपियों के घर में क्या कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मृतक के मोबाइल पर कॉल करके उस रोड पर बुलाया था। इसके बाद ट्रैक्टर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी। बता दें कि 7 नवंबर की दोपहर खानपुर थाना क्षेत्र के गांव परवाना निवासी वीरेंद्र और रविंद्र की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने जाम लगा दिया था।