खुर्जा। जेवर अड्डे पर रविवार दोपहर एसडीएम खुर्जा उस वक्त बाल-बाल बच गए जब उनकी कार पर हाईटेंशन लाइन की केबल टूटकर जा गिरी। कार पर तार गिरते ही वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में बिजलीघर में सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, तब जाकर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीएम खुर्जा इंदू प्रकाश रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का ज्ञापन लेने जेवर अड्डे पर पहुंचे थे। जैसे ही एसडीएम और उसके सुरक्षाकर्मी कार से उतर कर नीचे खड़े हुए, अचानक हाईटेंशन लाइन की केबल उनकी कार पर आ गिरी। इसके चलते वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और एसडीएम के सुरक्षाकर्मियों में भदगड़ मच गई। एसडीएम इंदू प्रकाश ने भी मौके से भाग कर जान बचाई। तार टूटने से पूर्व पास में लगे ट्रांसफार्मर से चिंगारी भी निकली थी। तत्काल बिजलीघर पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।