खुर्जा। नावल्टी रोड निवासी एक फैक्ट्री संचालक के घर से लाखों रुपये के डायमंड और सोने के जेवरात अलमारी से गायब हो गए। व्यापारी की पत्नी ने नौकरानी पर शक जताया है। पुलिस ने नौकरानी से हिरासत में पूछताछ की। पुलिस ने व्यापारी के घर काम करने वाले एक युवक को भी हिरासत में लिया है।
एसएचओ सुधीर त्यागी का कहना है कि नावल्टी रोड निवासी व्यापारी प्रमोद शर्मा जिंक ऑक्साइड बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं। फैक्ट्री संचालक की पत्नी सपना शर्मा ने बताया कि घर की अलमारी में रखे आठ तोला सोने का डायमंड से जड़ा नेकलेस, 80 ग्राम सोने की तीन चूड़ी, छह तोला सोने की चेन, तीन ग्राम सोने की चेन, सात ग्राम ब्रेसलेट, आठ ग्राम सोने के कुंडल पर हाथ साफ कर दिया। परिवार को वारदात का पता दीपवाली पूजन के समय चला। प्रमोद शर्मा की पत्नी ने छह माह से काम करने वाली नौकरानी पर शक जताया है, लेकिन नौकरानी का कहना है कि जेवर तीन माह पहले गायब हुए हैं। तब व्यापारी की पत्नी ने उसे मुंह बंद रखने के लिए कहा था। नौकरानी का दावा है कि प्रमोद शर्मा के घर में रहने वाले एक युवक ने चोरी की है। एसएचओ सुधीर त्यागी का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।