खुर्जा। जंक्शन रोड स्थित सावित्री देवी लक्ष्मी चंद्र सरस्वती विद्या मंदिर में चल रही तीन दिवसीय 27वीं क्षेत्रीय खेल-कूद स्पर्धा के दूसरे दिन दौड़, गोला फेंक, रिले रेस स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पांच किमी मैराथन दौड़ में उत्तराखंड के अजय सिंह और मेरठ की संगीता ने बाजी मारी।
27वीं खेल-कूद स्पर्धा के दूसरे दिन 100 मीटर बालक वर्ग में शोभित प्रथम, विवेक द्वितीय स्थान पर रहे। 600 मीटर दौड़ में ऋषभ चौधरी प्रथम और अजीत द्वितीय स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में शेखर भाटी प्रथम, बालिका वर्ग में पूनम अव्वल रही। 5000 मीटर बालक वर्ग मैराथन में उत्तराखंड के अजय और बालिका वर्ग में मेरठ की संगीता ने बाजी मारी। गोला फेंक के बालक वर्ग में ब्रज के जसदेव और पूरनलाल क्रमश: प्रथम और द्वितीय रहे। गोला फेंक के बालिका वर्ग में ब्रज की आरती और उत्तराखंड की रश्मि प्रथम और द्वितीय रहीं। विद्याभारती के संगठन मंत्री ख्याली राम, तेजपाल, श्रीराम अरावकर ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। प्रबंधक अजय गर्ग, प्रधानाचार्य सतीश चंद्र, राजवीर सैनी रहे।
गाजियाबाद की टीम ने बागपत को धोया
बुलंदशहर। मुस्लिम इंटर कॉलेज के मैदान में अंडर-14 और अंडर-17 की मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बल्ले से खूब चौके-छक्के निकले। प्रतियोगिता की शुरूआत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुहैल अहमद रिजवी और सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष जर्रार खां ने किया। अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला मैच बागपत और गाजियाबाद की टीमों के बीच हुआ। इसमें गाजियाबाद टीम ने 12 रनों की बढ़त कर जीत हासिल की। दूसरा मैच गौतमबुद्धनगर और हापुड़ की टीमों के बीच रहा और गौतमबुद्धनगर की टीम ने जीत हासिल की। तीसरा मैच मेरठ और गौतमबुद्धनगर की टीमों के बीच हुआ और मेरठ की टीम ने 12 रनों से मैच जीत लिया। अंतिम मैच बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के बीच हुआ जिसमें बुलंदशहर की टीम ने यह मैच 24 रनों से जीत लिया। मेरठ और बुलंदशहर की टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। अंडर-17 का पहला मैच गाजियाबाद और बागपत की टीमों के बीच हुआ जिसमें गाजियाबाद की टीम ने 18 रनों से जीत हासिल की। दूसरा मैच हापुड़ तथा गौतमबुद्धनगर की टीम के बीच खेला गया। इसमें गौतमबुद्धनगर की टीम ने जीत का परचम लहराया। मंडलीय चयन समिति में लक्ष्मीकांत, माया यादव, अजय तिवारी, दुर्ग विजय सिंह और शीशपाल रहे।