सिकंदराबाद। दनकौर रोड स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम तोड़ कर बदमाशों ने कैश चोरी की कोशिश की। बदमाशों ने गेट का शीशा और तोड़ एटीएम में लगे सीसी टीवी कैमरों पर काला स्प्रे डाल दिया था।
विज्ञापन
दनकौर रोड पर प्राइवेट बस अड्डे के पास एक्सिस बैंक का एटीएम है। मंगलवार रात बदमाश शीशे का बना एटीएम का गेट तोड़ अंदर घुस गए। बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम में लगे सीसी टीवी कैमरे में काला स्प्रे डाल दिया। ताकि वह कैमरे में कैद न हो पाएं। इसके बाद बदमाशों ने एटीएम मशीन में कैश रखने की जगह का लॉक प्रजेंटर तोड़ दिया। लेकिन उसके अंदर लगा लॉक बदमाश जब नहीं तोड़ पाए तो उन्होंने आग लगा दी। हालांकि बदमाश कैश लूटने में असफल रहे। आशंका जताई जा रही है कि किसी के आने की आहट से बदमाश डर गए और अपने औजार वहीं छोड़ कर भाग गए। सुबह करीब 11 बजे कंपनी की तरफ से दुल्हैरा गांव निवासी लोकेश और धर्मेन्द्र एटीएम में कैश डालने पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।