औरंगाबाद। इलाके में रविवार दोपहर एलटी लाइन को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े एक पूर्व संविदा कर्मी लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। तीन-चार युवकों ने लाइनमैन को शटडाउन का झूठा आश्वासन देकर खंभे पर चढाया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवकों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। फिर मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी के आश्वासन पर एक घंटे बाद ग्रामीण सड़क से हटे तो जाम में फंसे चालकों ने राहत की सांस ली।
परिजनों के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव चरौरा मुस्तफाबाद निवासी पूर्व संविदाकर्मी लाइनमैन बूली सिंह को औरंगाबाद के तीन-चार युवक रविवार दोपहर करीब 12 बजे एलटी लाइन का तार जोड़ने के लिए घर से बुलाकर ले गए। युवकों ने बूली को शटडाउन का झूठा आश्वासन देकर पोल पर चढ़ा दिया। जैसे ही लाइनमैन ने तार को स्पर्श किया करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और आरोपी युवकों की धुनाई कर दी। इस बीच, पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को खंभे से नीचे उतारा और पीएम के लिए जिला मुख्यालय ले जाने को कहा। लेकिन ग्रामीण जिला मुख्यालय की जगह शव को गांव चरौरा मुस्तफाबाद लेकर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंची औरंगाबाद, नई मंडी, कोतवाली देहात सहित कई थानों की पुलिस ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंचे सीओ सिटी राकेश कुमार और नपा के चेयरमैन राजकुमार लोधी ने ग्रामीणों को मुआवजे का आश्वासन देकर शव को कब्जे में ले लिया। बूली के छोटे भाई अमरसिंह ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मौके से तीन-चार युवकों को हिरासत में लिया है।
ताला लगाकर कर्मचारी फरार
हादसे की सूचना मिलते ही मैथना विद्युत उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी केंद्र पर ताला डाल भाग खड़े हुए। इसकी वजह से दर्जनों गांवों की बत्ती भी गुल हो गई।
ं10 वर्ष पहले हटाया था संविदा लाइनमैन को
चरौरा मुस्तफाबाद निवासी बूली सिंह को 10 वर्ष पूर्व ठेकेदार ने पद से हटाया था। इसके बाद से ही बूली सिंह गांव में बिजली लाइन मरम्मत का काम करते थे।
किसी ने बिजलीघर से लिखित या फोन पर शटडाउन नही लिया था। इस मामले में पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों की कोई गलती नही है। अमित कुमार राय, जेई, मैथनाजगतपुर
करंट से छात्र की मौत
बीबीनगर। चारा लेने गए 9वीं कक्षा के छात्र की टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। बीबीनगर क्षेत्र के गांव बैनीपुर में कृपाल सिंह जाटव का 15 वर्षीय पुत्र अरविंद रविवार सुबह खेतों से चारा लाने के लिए निकला था। तभी बिजली के टूटे तार से उसका पैर स्पर्श हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अरविंद की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। अरविंद कक्षा 9 का छात्र था। परिजनों ने अरविंद के शव का बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी से इंकार किया है।