शिकारपुर। दिल्ली से बदायूं जा रही रोडवेज बस में सवार बदमाशों ने कोतवाली क्षेत्र में तमंचे के बल पर परिचालक से कैश लूट लिया। बदमाश बुलंदशहर से बस में बैठे थे और शिकारपुर का टिकट लिया था। पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
बृहस्पतिवार शाम साहिबाबाद डिपो की बस सहसवान बदायूं के लिए दिल्ली से चली थी। बुलंदशहर स्थित डीएवी तिराहे से गाड़ी में दो युवक सवार हुये। दोनों ने शिकारपुर का टिकिट लिया। कैलावन से आगे निकलते ही बदमाशों ने गाड़ी रोकने को आवाज दी। चालक लोकेंद्र के गाड़ी न रोकने पर एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से शीशा टूट गया। साईं मंदिर के पास चालक के गाड़ी रोकते ही दूसरे बदमाश ने परिचालक तेजपाल से पांच हजार रुपयों से भरा बैग छीन लिया और कूदकर भाग गए। एसएचओ सुधीर त्यागी ने बताया कि बस परिचालक तेजपाल पुत्र शीतल सिंह निवासी तुगाना जिला बागपत की ओर से बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। हलपुरा गांव में छापा मारकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।