बुलंदशहर। नगर में ठगी करने वालों ने इस बार खुर्जा के गांव दादूपुर निवासी महिला को शिकार बनाया है। ठग महिला के पौत्र पर भूत का साया होने का झांसा देकर घर में घुसे और धन दोगुना करने का लालच देकर उसकी भूमि बिकवा दी। आरोपियों ने महिला से भूमि बेचकर मिले 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी और पुलिस के चक्कर लगाकर थक चुकी महिला ने अब कोर्ट के आदेश पर बुलंदशहर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खुर्जा के दादूपुर निवासी महिला संतोष पत्नी त्रिलोक चंद ने बताया कि उसके पौत्र कुणाल की ढाई साल पहले तबियत खराब हो गई थी। इलाज के बाद भी उसे स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल रहा था। इसी बीच वह नगर के कसाईवाड़ा निवासी सूफी अजीज और काजीवाड़ा निवासी सलीम पुत्र हफीज गाजी के चक्कर में फंस गई। दोनों कुणाल पर भूत का साया होने की बात कहकर उसके घर तांत्रिक क्रिया करने लगे। आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि उसके घर में खजाना छुपा है। कुछ खुदाई करने के बाद दोनों ने उसे अशरफी दी और कहा खुदाई अब दो माह बाद होगी। इतना ही नहीं दोनों आरोपियों ने धन को चार गुना करने का भी झांसा दिया। संतोष आरोपियों के जाल में फंस गई और गांव की भूमि 50 लाख रुपये में बेचकर दोनों को दे दिए। आरोपियों ने जमीन में रुपया दबाने का झांसा देकर उन्हें गुम कर दिया और छह माह बाद खुदाई कर दो करोड़ रुपये निकालने की बात कही। पीड़िता ने घर की खुदाई कराई तो उसे ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद से ही पीड़िता आरोपी और पुलिस के चक्कर लगा रही थी।