बुलंदशहर। राजेबाबू पार्क में मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से हो रही राज्यकर्मचारियों की हड़ताल से लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। अब राज्य कर्मचारियों ने 20 नवंबर को विशाल रैली निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी।
नगर के राजेबाबू पार्क में चल रही राज्य कर्मचारियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। जिले भर के करीब ढाई से तीन हजार राज्य कर्मचारी कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल पर रहे। मंच के संरक्षक मो. हारुन किरमानी ने कहा कि सरकार और अफसर आंदोलन को तोड़ना चाहते हैं। कर्मचारी ऐसे अफसरों के बहकावे में नहीं आएंगे। आंदोलन तभी समाप्त होगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। 20 नवंबर को कर्मचारी शहर में विशाल रैली निकालेंगे। रैली राजेबाबू पार्क से शुरू होकर पूरे शहर में भ्रमण करेगी। हड़ताल का संचालन रामनिवास शर्मा और संगठन मंत्री मेरठ इंद्रवीर सिंह ने किया। वहां मत्री देवेंद्र सिंह, केके शर्मा, दिनेश चंद, सुदेश कुमार, राजकुमार सिरोही, भानुप्रताप, रिक्षपाल यादव, राकेश कुमार त्यागी, प्रमोद कुमार, रविदत्त शर्मा, अमित कुमार आदि लोग रहे।
ये सेवाएं रहेंगी बाधित
राज्य कर्मचारी अधिकार मंच के अध्यक्ष मंडल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 18 और 19 नवंबर को आप्टोमेट्रिस्ट, स्वास्थ्य शिक्षा, जननी सुरक्षा, समाज कल्याण की सेवाएं बाधित रहेंगी। वहीं 20 नवंबर से फिजीयोथिरेपिस्ट, ईसीजी, लैब टेक्नीशियन, नर्सेज, पल्स पोलियो आदि के कर्मचारी कार्य ठप रखेंगे।