सिकंदराबाद। दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और पशु की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि लालपुर के पास रोडवेज बस की टक्कर से बुग्गी में जुते भैंसे की मौत हो गई। बुग्गी सवार भी घायल है। दोनो दुर्घटनाओं में दी गई तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लालपुर निवासी इंदरवीर पुत्र मनसा राम सोमवार शाम अपनी बुग्गी लेकर जा रहा था। गांव के पास तेज गति से आ रही एक रोडवेज बस ने बुग्गी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंसे की मौत हो गई। बुग्गी सवार इंदरवीर भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। बस में बैठी सवारियों को भी हल्की चोटें आई हैं। दूसरी घटना में मंगलवार सुबह करीब सात बजे बगरई निवासी अजय बाइक से जा रहा था। कुत्ते की कब्र के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई चरण सिंह पुत्र गोपी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
खुर्जा जंक्शन। मदनपुर भट्ठा के समीप मंगलवार को एक कार ने मैना निवासी बाइक सवार युवक को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक मौके से फरार है। गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मैना गांव निवासी मंजीत की रोड़ी-बदरपुर की कलंदरगढ़ी रजवाहे पर दुकान है। मंगलवार को युवक दुकान से मदनपुर जा रहा था। भट्टा के समीप पहुंचते ही सामने से आ रही कार ने बाइक सवार को कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया है। युवक की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं।