खुर्जा। एनसीआर में महंगी जमीन के लिए लोग रिश्तों की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पॉटरी नगरी में सामने आया। एक युवक ने दूसरे का प्लाट दिखाकर अपने बहनोई से छह लाख रुपये ठग लिए। अब पीड़ित के रुपये मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विजयनगर गाजियाबाद निवासी अनिमेश की पत्नी के भाई विजय की ससुराल खुर्जा में हैं। अनिमेश ने विजय से खुर्जा में भूमि खरीदने के लिए कहा तो विजय ने अपनी पत्नी के भाई को भूमि खरीदने की जिम्मेदारी सौंप दी। आरोप है कि खुर्जा निवासी रिश्तेदार ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिकारपुर मार्ग पर सात बीघा जमीन अपनी बताकर दिखाई। भूमि पसंद आने पर सौदा 56 लाख रुपये में तय कर दिया। अनिमेश ने छह लाख रुपये जनवरी में एडवांस में दिए थे, लेकिन भूमि के बैनामे में देरी होने पर अनिमेश ने तहसील से कागजात निकलवाए तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। भूमि बगराई निवासी किसान के नाम दर्ज है। कोर्ट ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।