बुलंदशहर/गुलावठी। अवैध वसूली तो एक तरफ चोरी के माल को भी थानेदार कुंडली मारने लगे हैं। गुलावठी थानेदार पर 12 लाख की चोरी का माल डकारने का आरोप लगा है। कस्बे में हुई चोरी की घटना का तीन बाद ही खुलासा कर पीठ थपथपाने वाले गुलावठी के थानेदार पर अपनी ही कारस्तानी भारी पड़ती दिखाई दे रही है। चोरों ने क्राइम ब्रांच की टीम के सामने एसओ को चोरी किया हुआ पूरा माल बरामद कराने का बयान दिया है। गुलावठी कस्बा निवासी शब्बीर खां एक अप्रैल को परिवार के साथ दिल्ली गए थे। रात में चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे तीन लाख रुपये, 22 तोले सोने, एक किलो चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 12 लाख रुपये का माल चुरा लिया था। पुलिस ने कस्बा निवासी गुलजार और नासिर को गिरफ्तार कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया था। परिवार वाले गुलावठी एसओ पर चोरी का माल डकारने का आरोप लगा रहे थे। डीआईजी के आदेश पर मामले की जांच एसपी क्राइम त्रिभुवन सिंह को सौंपी गई थी। एसओ गुलावठी वीरेंद्र यादव का कहना है कि शब्बीर के मकान से आर्टिफिशियल माल भी चोरी हुआ था। शब्बीर ने सभी माल सोने और चांदी का बताया था। इसके चलते खुलासे के दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल माल बरामद नहीं कराया था। एसपी क्राइम त्रिभुवन सिंह का कहना है कि चोरों ने सारा माल एसओ को बरामद कराने की बात कही है, लेकिन एसओ ने माल आर्टिफिशियल होने की बात कही है। इसके बावजूद एसओ को खुलासे माल दिखाना चाहिए था। वह वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेज देंगे।