बुलंदशहर। नई मंडी चौकी क्षेत्र स्थित डिप्टी कमिश्नर के बंद मकान पर शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मकान में रखी अलमारी और बक्सों को खंगाल कर सात लाख रुपये के नकदी और कीमती जेवर चुरा लिए। शुक्रवार को वारदात की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी। चोरी की रात डिप्टी कमिश्नर की पत्नी और बेटा अलीगढ़ गए हुए थे। मध्यप्रदेश के मंडला स्थित नार्को ब्यूरो में डिप्टी कमिश्नर पद पर तैनात विजय पाल सिंह का विकास कालोनी में मकान है। इसमें डिप्टी कमिश्नर की पत्नी निर्मला और बेटा मधुर रहते हैं। तीन दिन पहले निर्मला बेटे मधुर के साथ अलीगढ़ स्थित अपने मायके गईं थीं। शनिवार सुबह दोनों मां बेटे घर लौटे तो उन्हें बाहर बरामदे में गैस सिलेंडर बंधे दिखाई पड़े। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। मकान का दरवाजा खुला हुआ था और भीतर सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। निर्मला देवी ने बताया कि चोर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे 16 तोले सोने, 6 सौ ग्राम चांदी, 25 हजार नकदी और कीमती कपड़े व सामान चुरा ले गए हैं। सामान की कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।