बुलंदशहर। जिला सहकारी फेडरेशन के डायरेक्टर पद पर चुनाव जंग का अखाड़ा बन गया। शिकारपुर के प्रत्याशी के सर्मथकों में वोट डालने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। अन्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। तब जाकर चुनाव हुआ। चुनाव में तीन वार्डों से छह प्रत्याशी मैदान मंे थे। इनमें से दानपुर से अरुण कुमार, बुलंदशहर से मान सिंह और शिकारपुर से मुकेश कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की।
गुरुवार सुबह मोतीबाग स्थित जिला सहकारी बैंक के परिसर में चुनाव शुरू हुआ। इसी दौरान दो गुट भिड़ गए। कुछ मतदाताओें से अपने पक्ष में वोट डालने को लेकर खींचतान होने लगी। शिकारपुर के एक पक्ष ने इसका विरोध किया। यही विवाद की वजह बना और मारपीट के बाद हंगामा हो गया। इसमें वार्ड 6 से दानपुर के अरुण कुमार और प्रज्ञा शर्मा, वार्ड 8 बुलंदशहर से मीन सिंह और राहुल शर्मा तथा वार्ड 11 से शिकारपुर के मुकेश कुमार शर्मा और विष्णुदत्त मैदान मेंे थे। चुनाव सुबह नौ बजे से लेकर शाम चार बजे तक चला। इसमें दानुपर के अरुण कुमार शर्मा को 13 मत मिले। मैदान में उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रज्ञा शर्मा का खाता भी नहीं खुला। बुलंदशहर के मान सिंह को 19 मत हासिल हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी राहुल को 17 मत मिले। शिकारपुर के मुकेश कुमार शर्मा को भी 19 मत मिले। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी विष्णु दत्त को 11 वोट हासिल हुए। पूरे चुनाव में एक भी मत निरस्त नहीं हुआ। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों के गले में फूलों की माला डाल कर जश्न मनाया। साथ ही उन्होंने एक दूसरे को मिठाई बांटी।