बुलंदशहर। जिले के कई स्थानों पर रविवार को मतदाता पंजीकरण मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान उमड़े नए मतदाताओं ने अपने वोट बनवाने के लिए खूब उत्साह दिखाया। वहीं कई स्थानों पर लोगों को परेशानियों से भी दो-चार होना पड़ा।
बुलंदशहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए डीएवी इंटर कालेज में लगे मेले का उद्घाटन एडीएम अच्छेलाल सिंह यादव और एसडीएम सदर आईएएस संदीप कौर ने फीता काटकर किया। मेले में 18 काउंटर लगाए गए। सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोग नाम, पता और उम्र गलत जैसी समस्याओं के अलावा पहचान पत्र न बनने की जैसी समस्या लेकर पहुंचे। देवीपुरा निवासी अशोक कुमार, टीचर्स कालोनी सुमन लाल, हंस विहार कालोनी निवासी शांती स्वरूप ने बताया कि पहचान पत्र तो बन गया लेकिन उसमें कई गलतियां हैं। ठीक कराने को आवेदन किया है।
इतने लोगों ने किया आवेदन
नाम शमिल करने 873
नाम काटने 60
त्रुटी सही कराने 308
नाम ट्रांसफर 8
डिप्लीकेट पहचान पत्र 194
खुर्जा में 553 नए मतदाता
खुर्जा। जेएएस इंटर कॉलेज में रविवार को एसडीएम डीपी सिंह ने मेले का शुभारंभ किया। मेल में 553 नए मतदाताओं ने पंजीकरण कराया, जबकि 45 मतदाताओं ने अपने नाम काटने के लिए आवेदन, 102 लोगों ने संशोधन के लिए और 205 मतदाताओं ने डुप्लीकेट पहचानपत्र बनवाने के लिए आवेदन किया। उधर, पहासू में जनता इंटर कालेज में लगे मेले में लोगों ने पंजीकरण गराया। 159 बीएलओ मे से 60 ही मौजूद रहे। अनुपस्थित बीएलओ के खिलाफ एसडीएम योगेश कुमार ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
गुलावठी में 341 ने पंजीकरण कराया
गुलावठी। नगरपालिका परिसर में रविवार को आयोजित मतदाता मेले में 341 लोगों ने नए वोट के लिए पंजीकरण कराया। मेले का शुभारंभ नगरपालिका के ईओ एवं निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने किया। मेला सुबह 10 से शाम चार बजे तक चला। निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मेले में कुल 341 लोगों ने पंजीकरण कराया। उन्होंने बताया कि 241 लोगों ने मतदाता सूची में अपने नाम बढ़वाए और 67 लोगों ने मतदाता सूची में शुद्धिकरण, 27 लोगों ने वोटर लिस्ट से नाम कटवाने और 6 लोगों ने बूथ परिवर्तन करने के लिए पंजीकरण कराया। सहायक निर्वाचन अधिकारी जीके गुप्ता ने बताया कि मेले में 31 स्टालों पर 31 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई।
डिबाई में 560 नए वोटर्स ने भरे फार्म
डिबाई। कुबेर इंटर कालेज में उपजिलाधिकारी राम सिंह की अध्यक्षता में लगे मेले में 560 नए मतदाताओं ने फार्म 6 भरे। डुप्लीकेट पहचानपत्र के लिए 600 और संशोधन के लिये 60 फार्म भरे गए। क्षेत्र के सभी 271 बीएलओं उपस्थित रहे।
औरंगाबाद में 400 ने किया आवेदन
औरंगाबाद। नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में लगे मेले में 400 मतदाताओं ने आवेदन किया। मेले का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार लोधी ने फीता काटकर किया। उन्हाेंने बताया कि 140 नए वोटर ने फार्म भरे। 180 मतदाताओं ने अपनी-अपनी आपत्तियां दर्ज कराई। और 24 मतदाताओं की समस्या का संसोधन किया गया।
शिकारपुर में 316 का पंजीकरण
शिकारपुर। शिकारपुर और पहासू में आयोजित मतदाता पंजीकरण मेले में 316 लोगों ने पंजीकरण कराया। पंजीकरण के मामले में शिकारपुर के मुकाबले पहासू अव्वल रहा। शनिवार को शिकारपुर स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में मतदाता पंजीकरण मेला लगाया गया। मेले में अनुपस्थित रहने वाले 6 बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की चेतावनी एसडीएम योगेश कुमार ने दी। शिकारपुर और पहासू में पंजीकरण के लिए क्रमश: 55 व 261, नाम काटने वाले 12 और 23, जबकि नाम संशोधन हेतु फार्म-8 18 व 55 लोगों ने आवेदन किये।