चोला (बुलंदशहर)। क्षेत्र के गांव खानपुर में पटाखे की चिंगारी से एक किसान के घर में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। परिजनों ने कमरे से बच्चों को बामुश्किल बाहर निकाला। ग्रामीणों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घर में लगी आग पर किसी तरह काबू पाया। आगजनी में तीस हजार रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक खानपुर गांव में रविवार रात लगभग नौ बजे बच्चे पटाखे चला रहे थे। तभी पटाखे की चिंगारी किसान भूपेंद्र के कमरे के बाहर पड़े छप्पर में जा गिरी। कुछ ही देर में आग भूपेंद्र के कमरे तक पहुंच गई। भूपेंद्र कमरे में अपने बच्चों के साथ सो रहा था। आग की तपिश से परिजनों की नींद खुल गई और कोहराम मच गया। भूपेंद्र और उसकी पत्नी मुश्किल से अपने बच्चों के साथ कमरे से बाहर निकले। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीण बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे तक जिसे जो मिला वह उसमें पानी भर आग बुझाने में लग गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आगजनी में भूपेंद्र के कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया। भूपेंद्र का कहना है कि आग से करीब तीस हजार का सामान जलकर राख हो गया है।