पुष्य नक्षत्र पर 22 जून को डाकघर में सोने के सिक्कों पर 6 प्रतिशत छूट
बुलंदशहर। यदि आप सोना-चांदी खरीदने की सोच रहे हैं तो 22 जून शुभ है। इस दिन पुष्य नक्षत्र है। ज्योतिषियों की मानें तो पुष्य नक्षत्र में सोने-चांदी की खरीददारी करने से धन की वृद्धि होती है और परिवार में सुख शांति भी रहती है। पुष्य नक्षत्र 27 नक्षत्रों का राजा माना जाता है। पंडित राधे श्याम शास्त्री ने बताया कि ब्रह्मांड में तीन तारों से मिलकर पुष्य नक्षत्र बनता है। माना जाता है कि इस दिन की गई खरीददारी कभी नष्ट नहीं होती।
मौका निकल न जाए
22 जून को पुष्य नक्षत्र होने से सोने की खरीददारी करने वालों को डाकघरों ने छह प्रतिशत छूट देने का फैसला किया है। प्रधान डाकघर में आधा ग्राम, एक ग्राम, पांच ग्राम, आठ ग्राम, 10 ग्राम, बीस ग्राम और पचास ग्राम तक सोने के सिक्के उपलब्ध हैं। सभी सिक्कों पर स्विस प्रमाणित 24 कैरेट शुद्ध सोने की गारंटी है। वहीं दूसरी ओर शहर के ज्वैलर्स ने भी खरीददारी को लेकर तैयारी पूरी कर ली है।
22 जून को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर विशेष योजना के अंतर्गत सभी ग्राहकों के लिए अतिरिक्त छूट के साथ सोने के सिक्कों की बिक्री की जा रही है। सोने के सिक्कों की बिक्री 22 जून की सुबह आठ बजे से देर शाम आठ बजे तक चलेगी।
- एमएस राणा, पोस्टमास्टर प्रधान डाकघर