बुलंदशहर। केंद्र सरकार की मदद से चल रही पावर कारपोरेशन की आरपीडीआरपी योजना अब गांवाें में विद्युत व्यवस्था को संवारेगी। प्रथम चरण में सब-स्टेशनों को कंम्पयूराइज्ड होने के बाद जून से योजना का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। इस चरण में गांवों में विद्युत चोरी रोकने के लिए एबीसी वायर और इलेक्ट्रानिक मीटर लगाए जाएंगे। पावर कारपोरेशन के अधिकारी अब दूसरे चरण की तैयारी में जुटे हैं।
वर्ष 2010 से जनपद में शुरू हुई योजना के तहत प्रथम चरण में सभी सब-स्टेशनों को कंप्यूटराइज्ड किए जाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद उपभोक्ताओं का डाटा ऑनलाइन फीड कर बिल कंप्यूटर से बिल जमा करने की योजना को अमली जामा पहनाया जाएगा। पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता सीएल गुप्ता का कहना है कि योजना का प्रथम चरण जून में समाप्त कर होगा। इसके बाद जून से ही योजना के दूसरे फेज को शुरू करने के लिए कवायद प्रारंभ कर दी गई है। दूसरे फेज में गांवों में होने वाली विद्युत चोरी रोकना प्राथमिकता होगी। इसके लिए एबीसी (प्लास्टिक कोटेड) वायर डाले जाएंगे। गांवों में लगे पुराने मीटरों को हटाकर इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाए जाएंगे।