जहांगीरपुर। नायब तहसीलदार ने शुक्रवार को आसिफपुर नगलिया में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान सीज कर दी। विगत दिनों गांव आसिफपुर नगलिया के ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी कि उनका डीलर राशन वितरण में धांधली कर रहा है। इसके बाद एसडीएम डीपी सिंह ने मामले की जांच नायब तहसीलदार देवराज सिंह को सौंपी। शुक्रवार को देवराज सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने जांच के लिए डीलर ब्रज बाला के पति चतर सिंह से स्टाक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर दिखाने को कहा, उसने रजिस्टर दिखाने से इंकार कर दिया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने सस्ते गल्ले की दुकान को सीज कर दिया। तहसीलदार ने बताया िक इस संबंध में एसडीएम को रिपोर्ट दे दी जाएगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।