बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव ताजपुर में सफाई के दौरान कूड़ा फेंकने पर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने रायफल से फायरिंग भी की। मारपीट में युवती समेत दो लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने रायफल कब्जे में ले ली है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
ताजपुर में निवासी सगीर (55) और रेहाना पत्नी महरूफ के बीच सफाई को लेकर सोमवार को झगड़ा हुआ था। मंगलवार को इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा शुरू हो गया। मामला मारपीट तक आ पहुंचा। दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडे निकालकर एक दूसरे को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान एक पक्ष ने रायफल से फायरिंग भी की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तरह समझा-बुझा कर दोनों पक्षों को शांत किया। मारपीट में सगीर और रेहाना की बेटी घायल हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि पुलिस फायरिंग होने की घटना से इनकार कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग हुई है, गोली नहीं चली तो रायफल क्यों कब्जे में ली गई।