बुलंदशहर। जिले की सड़कों पर धड़ल्ले से बिना हाई सिक्योरिटी नंबर (रजिस्ट्रेशन) प्लेट (एचएसआरपी) के 9285 वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसमें सरकारी, व्यावसायिक एवं निजी वाहन शामिल हैं। इन वाहनों का न तो चालान किया जा रहा है, न ही फिटनेस हो पा रही है। जबकि, शासन के निर्देश पर जिले में एचएसआरपी लगवाने की अवधि समाप्त हो चुकी है। सोमवार को शहर की सड़कों पर काफी वाहन बिना एचएसआरपी के दौड़ लगाते हुए नजर आए।
पांच साल पूर्व अप्रैल 2019 से सभी प्रकार के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर (रजिस्ट्रेशन) प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य किया गया। नए वाहनों की खरीद पर कंपनी की ओर से रजिस्ट्रेशन कराने के बाद एचएसआरपी लगाई जा रही है तो अप्रैल 2019 से पूर्व खरीदे गए वाहनों पर संचालकों द्वारा एचएसआरपी लगाई जानी हैं। लेकिन निजी वाहन तो छोड़ों सरकारी एवं व्यावसायिक वाहन स्वामी पुराने वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लगवा रहे। इसे लेकर एआरटीओ और पुलिस प्रशासन अभियान चलाकर कार्रवाई करने का दावा करता है। विभागीय अफसरों के अनुसार जिले में एक अप्रैल 2019 से दिसंबर 2024 तक 371029 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें अभी तक 261744 वाहनों पर ही एचएसआरपी लगी हैं, इसके अलावा अप्रैल 2019 से पूर्व के काफी वाहन बिना एचएसआरपी के संचालित हो रहे हैं। इनका चालान भी नहीं किया जा रहा।
नगर में कलक्ट्रेट गेट के पास से उप्र सरकारी लिखी हुई एक निजी कार, सरायधारी में दो पहिया वाहन और स्याना बस अड्डे पर एक व्यावसायिक वाहन बिना एचएसआरपी के दौड़ लगाते हुए नजर आए। जबकि तीनों जगह पुलिस पिकेट तैनात रहती है और समय-समय पर वाहनों का चालान काटने की कार्रवाई कर रही है, लेकिन इन वाहनों को किसी ने भी नहीं रोका, न चालान काटने की कार्रवाई की। एचएसआरपी न लगाने के पीछे विभाग की लापरवाही व जन जागरूकता के अभाव की भी बात सामने आ रही है।
कोट
जिन व्यावसायिक वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लगी हैं, उनकी फिटनेस पर रोक लगा रखी है। निजी वाहनों पर समय-समय पर कार्रवाई करवाई जा रही हैं। - सतीश कुमार, एआरटीओ प्रशासन