वृह्द मेगा शिविर में लगे हेल्थ शिविर में जांच कराते जिला जज। संवाद
बुलंदशहर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को आईपी पीजी कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर भव्य मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश संजय सिंह-प्रथम के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में लगभग 8,500 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि, चेक, उपकरण व स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश संजय सिंह, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश नरेंद्र कुमार पांडेय, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और कॉलेज प्रबंध समिति की अध्यक्ष नीना मित्तल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में मंच से पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। इसके तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 1,504 स्वयं सहायता समूहों को 90.24 करोड़ रुपये का सीसीएल चेक और पशुपालन विभाग द्वारा नंदिनी व मिनी नंदिनी योजना में 4.06 करोड़ से अधिक का अनुदान दिया गया।
कृषि विभाग ने 13 किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं जबकि डूडा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 2.50 लाख के आवास स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही श्रम विभाग ने 10 लाख व 8.64 लाख के चेक, कन्या विवाह व मातृत्व हितलाभ, उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास के चेक और शिक्षा विभाग ने मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि व लैपटॉप बांटे।
शिविर में 44 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर दिव्यांगजनों को कान की मशीनें, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड व खेल किट भी प्रदान की गईं। जनपद न्यायाधीश ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की स्थिति जानी। संचालन अपर सिविल जज मोनिका कालरा ने किया, जबकि पूर्णकालिक सचिव विकास चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अपर जिला जज शिवानन्द, सीजेएम आसमा सुल्ताना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नीतीश कुमार सिंह सहित जिले के न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।