निजी स्कूलों की मनमानी से भड़के अधिवक्ता
- कोर्स के लिए निर्धारित दुकानों से कमीशनखोरी का लगाया आरोप
- लेट फीस होने पर अतिरिक्त चार्ज पर स्कूलों के खिलाफ की कार्रवाई मांग
- मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, डीएम को पत्र भेज कर की कार्रवाई की मांग
- सुनवाई न होने पर उच्च न्यायालय की शरण में जाने की दी चेतावनी
खुर्जा। निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अधिवक्ता भी विरोध में उतर गए हैं। मनमाफिक शुल्क, हर साल पाठ्यक्रम बदलकर पुस्तक विक्रेताओं से कमीशन खोरी आदि का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, डीएम आदि को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर निजी स्कूलों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च न्यायालय की शरण मेें जाने को मजबूर हो जाएंगे।
बार एसोसिएशन के कनिष्ठ उपाध्यक्ष हितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि नगर में करीब 20 विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं। आरोप है कि मनमाफिक शुल्क लेने के बाद भी प्रबंधकों को संतुष्टि नहीं है। प्रतिवर्ष विद्यालय में सभी कक्षाओं के कोर्स बदल दिए जाते हैं। कोर्स निर्धारित दुकानों पर ही उपलब्ध होता है। जिससे विद्यालय को भारी भरकम कमीशन प्राप्त होता है। अभिभावक अगर मासिक शुल्क स्कूल निर्धारित समय पर नहीं जमा कर पाता तो उससे जुर्माना वसूला जाता है। शिकायत करने पर छात्र से दुर्व्यवहार किया जाता है। अधिवक्ताओं ने पत्र भेजकर मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, डीएम आदि से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत भेजने वालों में संजय शर्मा, राजेश वर्मा, राजकुमार सिंह, संजीव सिंह, अर्जुन सिंह, प्रेमवीर सिंह, रहीस अहमद, योगेश राघव, मुनेश कुमार आदि अधिवक्ता रहे।
फोटो
निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ उतरा व्यापार मंडल
शिकारपुर। उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने मंगलवार को निजी पब्लिक स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले क्षेत्र के अभिभावक बालाजी मार्केट के पास एकत्रित हुए। यहां से वह स्कूल संचालकों की मनमानी के विरोध में नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे। नगर अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने कहा कि सरकारी आदेश में सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें लगवाने की बात कही गई है। वहीं स्कूल संचालक मनमानी कर एनसीईआरटी की किताबों के साथ गाइड मंगा रहे हैं। इससे एनसीईआरटी की किताबों के कमीशन का घाटा गाइडों के द्वारा पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही निजी स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। गुस्साए अभिभावकों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन एसडीएम वेदप्रकाश मिश्रा को दिया। इस दौरान बीरेन्द्र कुमार गर्ग, गौरव मित्तल, ओमदत्त शर्मा, सुनील जैन, पवन कुमार शर्मा, नमन कुमार जैन, आकाश सैनी, हिमांशु गुप्ता, आसिफ सैफी, नितिन सिंघल, हरीश सिंघल, शाहे उमर, पुरुषोत्तम वाष्र्णेय, रतनलाल आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो