हत्यारोपी सास ससुर को भेजा जेल
सिकंदराबाद। दहेज में कार नहीं देने पर विवाहिता की हत्या करने के आरोपी सास, ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। पुलिस आरोपी पति को पहले ही जेल भेज चुकी है। मृतका के मायके के लोगों ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ग्राम उस्मानपुर थाना जहांगीराबाद निवासी शहजाद खान पुत्र शमशाद खान ने पुलिस में तहरीर देते हुए बताया था कि उन्होंने अपनी बहन रूकसार की शादी 22 नवंबर 2013 में सिकंदराबाद के मोहल्ला जमाईपुरा निवासी इंतजार पुत्र इस्तकार उर्फ बुद्धन के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालिए दहेज में कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर वह उसे प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर 15 सितंबर को इंतजार ने बहन गुलनार, भूरी, मां हसीना, पिता बुद्धन, भाई दिलशाद के साथ मिलकर रूखसार की हत्या कर दी। बताया था कि इंतजार का मामा हनीफ उन्हें दहेज की मांग और रूकसार को प्रताड़ित करने के लिए उकसाता था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी ससुर इस्तकार उर्फ बुद्धन, सास हसीना को मुखबिर की सूचना पर घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।